गोरखपुर के तरकुलहा मंदिर परिसर में दो पक्षों में मारपीट, एक का सिर फटा; विरोध में बंद रही दुकानें
गोरखपुर के तरकुलहा देवी मंदिर परिसर में सार्वजनिक धर्मशाला पर गेट लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट हो गई, जिसमें एक युवक का सिर फट गया। ...और पढ़ें
संवाद सूत्र, मुंडेरा बाजार/चौरी चौरा। तरकुलहा देवी मंदिर परिसर स्थित सार्वजनिक धर्मशाला पर गेट लगाने को लेकर सोमवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, आरोप है कि एक पक्ष से धारदार हथियार व हथौड़े से हमला कर युवक का सिर फोड़ दिया गया। वहीं दूसरे पक्ष से ईंट से हमला किया गया।
इस घटना के बाद मंदिर परिसर के व्यापारियों ने दुकानदार अमरनाथ जायसवाल पर हमले के विरोध में अपनी दुकानें बंद कर दी और आक्रोश जताया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच कर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इस घटना का एक वीडियो भी प्रसारित हो रहा है। हालांकि वीडियो की पुष्टि जागरण नहीं करता है।
यह घटना चौरी चौरा थाना क्षेत्र का है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। देवीपुर निवासी अमरनाथ जायसवाल ने आरोप लगाया कि सोमवार दोपहर गांव के कुछ लोग मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के सहयोग से निर्मित सार्वजनिक धर्मशाला पर कथित रूप से अवैध कब्जे की नीयत से गेट लगा रहे थे।
इसकी जानकारी होने पर उन्होंने और अन्य दुकानदारों ने इसका विरोध किया। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। धारदार हथियार व हथौड़ा लगने से उनके सिर में गंभीर चोट आई। मारपीट में कुछ अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से भी मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी गई है।
पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौरी चौरा में चिकित्सीय परीक्षण कराया है। उधर, मारपीट की घटना के बाद विरोध में मंदिर परिसर के व्यापारियों ने करीब दो घंटे तक दुकाने बंद कर आक्रोश जताया। इस दौरान दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को प्रसाद, पूजा सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं खरीदने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस घटना का एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया प्रसारित हो रहा है, जिसमें एक पक्ष के लोग धर्मशाला के बाहर नाराजगी व्यक्त कर रहे है। वह अंदर से दूसरे पक्ष को बाहर बुला रहे है। जबकि मौके पर मौजूद एक सिपाही उन्हें रोकने की कोशिश कर रहा है।
प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि सार्वजनिक धर्मशाला पर गेट लगाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जो मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)