शेखपुरा में बिजली विभाग के एक्जक्यूटिव इंजीनियर ने दी जान, मामूली बात पर पत्नी से विवाद के बाद फंदे से झूले
शेखपुरा में बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता अश्विनी कुमार चंद्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में सिगरेट पीने को लेकर पत्नी से हुए विवाद को कारण बताया जा रहा है।
कार्यपालक अभियंता अश्विनी कुमार चंद्रा की फाइल फोटो और घटनास्थल पर जुटी भीड़। जागरण
शेखपुरा में बिजली अभियंता अश्विनी कुमार चंद्रा ने की आत्महत्या।
जागरण संवाददाता, शेखपुरा। बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता अश्विनी कुमार चंद्रा (35) ने रविवार को शेखपुरा में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सिगरेट पीने को लेकर पत्नी से हुए विवाद के बाद उन्होंने यह कदम उठाया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
अश्विनी कुमार चंद्रा मूल रूप से समस्तीपुर जिले के हसनपुर के रहने वाले थे। करीब नौ महीने पहले उन्होंने साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के शेखपुरा मंडल मुख्यालय में कार्यपालक अभियंता (असैनिक) के पद पर योगदान किया था।
शेखपुरा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के मुताबिक, अश्विनी के सिगरेट पीने को लेकर पत्नी अक्सर विरोध करती थीं। रविवार दोपहर इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और हल्की झड़प हुई थी।
बताया गया कि विवाद के बाद पत्नी शिकायत लेकर कथित रूप से थाना चली गईं। वहां से लौटने के बाद घर के एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला तो पत्नी ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने उसे तोड़ा। कमरे के अंदर छत में लगे पंखे के हुक से कपड़े के फंदे में अश्विनी कुमार चंद्रा लटके मिले।
पुलिस ने उन्हें फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
अश्विनी शेखपुरा शहर के कच्ची रोड में कॉलेज मोड़ के पास किराए के मकान में पत्नी और चार वर्षीय पुत्र के साथ रह रहे थे। उनकी मौत की खबर से बिजली विभाग के सहकर्मियों और परिचितों में शोक का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)