दरभंगा में गरीबों को जमीन मिली, अब घर भी मिलेगा, भूमिहीन परिवारों के लिए सरकार की बड़ी पहल
दरभंगा में 1322 भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा मिलने के बाद अब उन्हें पक्का आवास और अन्य मूलभूत सुविधाएं भी मिलेंगी। सरकार का लक्ष्य इन परिवारों को सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है, जिसमें बिजली, राशन और पेयजल जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
पक्का आवास, बिजली, राशन जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी लाभार्थियों को।
सरकार का लक्ष्य भूमिहीन परिवारों को सम्मानजनक जीवन प्रदान करना।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। जिले में अब कोई परिवार भूमिहीन रहकर बेबसी में जीवन नहीं बिताएगा। सरकार की योजना सिर्फ जमीन का पर्चा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि भूमिहीन परिवारों को अपनी जमीन के साथ पक्का आवास और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है।
जिले के तीनों अनुमंडलों के 1322 भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा मिलने के बाद इस दिशा में बड़ी पहल हुई है। पर्चा हाथ में आते ही लाभार्थियों के चेहरे पर वर्षों के इंतजार के बाद अपने आशियाने की उम्मीद साफ नजर आई।
पथ निर्माण विभाग-सह-जिले के प्रभारी मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है। जिन परिवारों को भूमि का स्वामित्व मिला है, उन्हें आगे प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना से जोड़कर मकान उपलब्ध कराया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि लाभार्थियों को सिर्फ जमीन और आवास ही नहीं, बल्कि मुफ्त बिजली कनेक्शन और राशन जैसी मूलभूत सुविधाओं से भी जोड़ा जाएगा। इससे भूमिहीन परिवारों को स्थायी रूप से बेहतर जीवन जीने का अवसर मिलेगा।
मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी ने कहा कि आम लोगों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। जिले में पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए करीब 150 बोरिंग कराई गई हैं। शेष कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है।
मंत्री ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के जरिए ही बच्चे आगे बढ़कर परिवार और समाज का नाम रोशन कर सकते हैं।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक बासगीत पर्चों का वितरण किया है। इस पहल से बड़ी संख्या में परिवारों को जमीन पर अधिकार मिला है।
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लहेरियासराय स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित जिलास्तरीय समारोह में शनिवार को तीनों अनुमंडलों के 1322 भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा दिया गया। विधायक जीवेश कुमार, विनय कुमार चौधरी, मुरारी मोहन झा, राजेश कुमार मंडल व सुजीत कुमार सिंह ने भी इस पहल की सराहना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)