दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को मिलेगी रफ्तार, सरकार ने 2,800 ई-बसों की खरीद को दी मंजूरी

Jul 14, 2026 - 12:33
0 0

दिल्ली सरकार ने पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत 2,800 नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों की खरीद को मंजूरी दी है। यह फैसला राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को मजबू ...और पढ़ें

दिल्ली सरकार ने 2800 ई-बसों की खरीद को दी मंजूरी। (AI Generated Image)

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में दिल्ली सरकार ने फैसला लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में केंद्र सरकार की पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत 2,800 नई वातानुकूलित लो-फ्लोर इलेक्ट्रिक बसों की खरीद को मंजूरी दे दी गई। परिवहन विभाग के इस प्रस्ताव को दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के मौजूदा इलेक्ट्रिक बस बेड़े के विस्तार के लिए स्वीकृति दी गई है।

खरीदी जाने वाली बसों में 1,400 नौ मीटर और 1,400 बारह मीटर लंबाई की इलेक्ट्रिक बसें शामिल होंगी। इन बसों के शामिल होने से राजधानी में सार्वजनिक परिवहन की पहुंच बढ़ेगी और विशेष रूप से बाहरी व कम सुविधा वाले क्षेत्रों में लास्ट माइल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।

जानकारों के अनुसार दिल्ली में पहले से संचालित नौ मीटर की इलेक्ट्रिक बसों का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है। इन बसों ने स्थानीय मार्गों और फीडर सेवाओं में बेहतर परिणाम दिए हैं। इसी अनुभव को देखते हुए नए बेड़े में नौ मीटर और बारह मीटर दोनों श्रेणी की बसों को शामिल किया जा रहा है, ताकि भीड़भाड़ वाले मुख्य मार्गों के साथ-साथ मोहल्लों और फीडर रूटों की जरूरतों को भी प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।

दिल्ली सरकार ने सार्वजनिक परिवहन के विस्तार के लिए दीर्घकालिक लक्ष्य भी तय किया है। सरकार की योजना वर्ष 2028-29 तक राजधानी में सार्वजनिक परिवहन बसों की संख्या बढ़ाकर लगभग 14,000 करने की है। इससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी, व्यापक सेवा कवरेज और अधिक सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

उल्लेखनीय है कि इसी महीने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में 300 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इसके बाद राजधानी में डीटीसी के कुल बस बेड़े की संख्या बढ़कर 6,600 हो गई है। अब 2,800 नई इलेक्ट्रिक बसों की स्वीकृति से दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- आजादपुर गोलचक्कर पर लगेगी अटल बिहारी वाजपेयी की 15 फीट ऊंची कांस्य की प्रतिमा, PWD ने जारी किया टेंडर

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User