अंतरजातीय प्रेम विवाह का खूनी अंत, हिसार में 89 वर्षीय बुजुर्ग को तेजधार हथियार ये गोदकर उतारा मौत के घाट

Aug 17, 2026 - 02:35
0 0
अंतरजातीय प्रेम विवाह का खूनी अंत, हिसार में 89 वर्षीय बुजुर्ग को तेजधार हथियार ये गोदकर उतारा मौत के घाट

हिसार के तलवंडी रूक्का में अंतरजातीय प्रेम विवाह की रंजिश में 89 वर्षीय महाबीर स्वामी की बेरहमी से हत्या कर दी गई।

हिसार में अंतरजातीय प्रेम विवाह के चलते दादा की हत्या (प्रतीकात्मक फोटो)

जागरण संवाददाता, हिसार। तीन साल पहले तलवंडी रूक्का के रहने वाले नरेश ने पड़ोस के गांव रावतखेड़ा की रहने वाली एक युवती से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। इसी रंजिश के चलते हमलावरों ने घर के बाहर सो रहे नरेश के दादा महाबीर स्वामी (89) की तेजधार हथियार से हमला कर हत्या कर दी।

बाइक पर सवार होकर आए हमलावरों ने शनिवार रात साढ़े 11 बजे वारदात को अंजाम दिया। वारदात एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। सूचना मिलने पर आजाद नगर थाना प्रभारी मनदीप सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस टीम ने फुटेज के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए एक आरोपित रावतखेड़ा निवासी लवकेश को गिरफ्तार कर लिया। बाकी दो आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस ने रविवार दोपहर को शव का हिसार के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा स्वजन को शव सौंप दिया।

तलवंडी रूक्का निवासी बलवान सिंह ने बताया कि वह धारूहेड़ा में ट्रांसपोर्ट का काम करता है। हम चार भाई हैं। पिता महाबीर छोटे भाई ओमप्रकाश के साथ रहते थे। उन्होंने बताया कि करीब तीन साल पहले भाई ओमप्रकाश के बेटे नरेश ने पड़ोस के गांव की रहने वाली एक युवती से प्रेम विवाह किया था।

उसके बाद से वह परिवार से अलग रहता है। उसे बेदखल भी किया हुआ है। उन्होंने बताया कि पिता रोजाना की तरफ शनिवार रात को खाना खाने के बाद घर के बाहर बने चबूतरे पर चारपाई पर सो रहे थे।

करीब साढ़े 11 बजे बाइक पर सवार होकर आए तीनों युवकों ने तेजधार हथियार से मेरे पिता पर कई वार किए और मौके से भाग गए। जब चिल्लाने की आवास सुनी तो छत से देखा तो तीनों युवक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे।

घर के पास लगे सीसीटीवी में पूरी वारदात कैद हो गई। तीन युवक बाइक पर सवार होकर घर के बाहर आए। बाइक घर से थोड़ी दूरी पर खड़ी की। फिर तीनों बाइक से नीचे उतरे और घर के सामने आए। तीनों ने तेजधार हथियार से वार करने शुरू कर दिए।

करीब एक मिनट तक वार करते रहे। बाद में मौके से भाग गए। घायल हालत में पिता को नागरिक अस्पताल लेकर आए। जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मेडिकल कालेज अग्रोहा में पोस्टमार्टम करवाया।

हिसार में आजाद नगर थाना प्रभारी मनदीप सिंह ने कहा कि तलवंडी रूक्का निवासी महाबीर की हत्या मामले में एक आरोपित रावतखेड़ा निवासी लवकेश को गिरफ्तार किया है। बाकी दो आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User