खून-खराबा हो या जुल्मो-सितम: PoK में हर उत्पीड़न के लिए कायर पाकिस्तान जिम्मेदार; MEA की हुंकार
भारत ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में जारी विरोध-प्रदर्शनों को इस्लामाबाद की ओर से क्षेत्र में दशकों से जारी सुनियोजित उत्पीड़न और प्रशासनिक दमन का सीधा नतीजा करार दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को एक प्रेस वार्ता में कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय समुदाय से उम्मीद करता है कि वह पीओके में हो रहे गंभीर अत्याचारों और गलत कृत्यों के लिए पाकिस्तान को पूरी तरह जवाबदेह ठहराएगा। उन्होंने कहा कि पीओके में हो रहे हरेक खून-खराबा से लेकर जुल्म-ओ-सितम के लिए पाकिस्तान जिम्मेदार है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी उसे इसके लिए जिम्मेदार मानता है।जायसवाल ने कहा, पीओके में जारी विरोध-प्रदर्शन पाकिस्तान की ओर से अपने अवैध नियंत्रण वाले इलाकों में दशकों से किए जा रहे सुनियोजित उत्पीड़न, लोगों को बुनियादी अधिकारों से वंचित किए जाने और प्रशासनिक दमन का सीधा नतीजा हैं। उन्होंने कहा, “स्थानीय लोगों की जायज शिकायतों का समाधान करने के बजाय पाकिस्तान ने महिलाओं और बच्चों सहित आम लोगों के खिलाफ पुलिस की अत्यधिक बर्बरता का सहारा लिया है। खाद्य सामग्री और दवाओं जैसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति रोकी गई, इंटरनेट सेवाएं बंद की गईं और निहत्थे नागरिकों पर घातक बल का प्रयोग किया गया, जिससे कई लोगों की मौत हो गई।”POK में प्रदर्शनकारियों पर जुल्मजायसवाल ने कहा, हम उम्मीद करते हैं कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय इन गंभीर अत्याचारों और गलत कृत्यों के लिए पाकिस्तान को पूरी तरह जवाबदेह ठहराएगा। बता दें कि PoK में महंगाई, कथित प्रशासनिक उदासीनता, राजनीतिक भेदभाव और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार के खिलाफ पिछले महीने से बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हो रहे हैं। इन प्रदर्शनों के दौरान पुलिस की कथित बर्बरता की खबरें भी सामने आई हैं, जिनमें कई प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई और कई घायल हो गए।शिकायत दूर करने की बजाय बल प्रयोग हो रहाविदेश मंत्रालय (MEA) ने इस्लामाबाद पर आरोप लगाया कि उसने लोगों की शिकायतों को दूर करने के बजाय, जनता के विरोध का जवाब बहुत ज़्यादा बल प्रयोग करके दिया। भारत का हमेशा से यह कहना रहा है कि पाकिस्तान के कब्ज़े वाला जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। भारत ने बार-बार पाकिस्तान पर मानवाधिकारों के उल्लंघन और इस इलाके में रहने वाले लोगों के अधिकारों को दबाने का आरोप लगाया है। पाकिस्तान के कब्ज़े वाले कश्मीर में हो रहे विरोध-प्रदर्शनों के अलावा, विदेश मंत्रालय ने पश्चिम एशिया में हो रही घटनाओं पर भी प्रतिक्रिया दी।दो जहाज़ों पर हुए हमलों को लेकर भारत चिंतितविदेश मंत्रालय ने कहा कि वह पश्चिम एशिया की स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहा है। साथ ही, इस इलाके में कमर्शियल जहाज़ों पर हुए हमलों के बाद मंत्रालय ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से सुरक्षित और बिना रुकावट के आवाजाही की मांग की। रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत दो जहाज़ों पर हुए हमलों को लेकर बहुत चिंतित है, जिनमें एक भारतीय नाविक की मौत हो गई थी। उन्होंने कहा, हम पश्चिम एशिया में हो रही घटनाओं पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं। हम होर्मुज़ से सुरक्षित और बिना रुकावट के आवाजाही और व्यापार जारी रखने की मांग करते हैं। यह दुनिया भर के लोगों की आर्थिक और ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बहुत ज़रूरी है। (भाषा इनपुट्स के साथ)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)