PEC में सिर्फ 45 मिनट रुकेंगे PM मोदी, चंडीगढ़ को 6600 करोड़ की योजना देकर जाएंगे
चंडीगढ़, मोहाली और पंचकुला को ट्राईसिटी के नाम से जाना जाता है। इसके विकास को रफ्तार देने के लिए केंद्र सरकार एक बड़ी योजना को धरातल पर उतारने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 17 जुलाई को चंडीगढ़ के ऐतिहासिक पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) में आयोजित एक भव्य समारोह को संबोधित करेंगे। महज 45 मिनट के इस बेहद महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी सड़क, स्वास्थ्य और नागरिक बुनियादी ढांचे से जुड़ी 6,600 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा बेहद संक्षिप्त होगा। दोपहर 1:45 बजे पीएम मोदी सेक्टर-12 स्थित पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचेंगे। दोपहर 2:35 बजे वे कार्यक्रम स्थल से रवाना हो जाएंगे। पीएम मोदी हरियाणा के जींद से विशेष एमआई-17 हेलीकॉप्टर से उड़ान भरकर सीधे चंडीगढ़ के राजेंद्र पार्क हेलीपैड पर उतरेंगे और कार्यक्रम की समाप्ति के बाद इसी हेलीकॉप्टर से पंजाब के जालंधर के लिए रवाना हो जाएंगे।कार्यक्रम में और कौन-कौन?इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के दौरान मंच पर पीएम मोदी के साथ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।इस दौरान ट्राईसिटी रिंग रोड के 3 प्रमुख सड़क प्रोजेक्ट का शिलान्यास और लोकार्पण होगा, जिसकी लागत 5,278 करोड़ है। इसके अलावा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट यानी की पीजीआई चंडीगढ़ के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा बुनियादी ढांचा के विकास के लिए 1,200 करोड़ खर्च किए जाएंगे। चंडीगढ़ प्रशासन के आवास एवं नागरिक बुनियादी ढांचा के लिए 150 करोड़ का बजट है।जाम से मिलेगी बड़ी मुक्तिचंडीगढ़ और उसके आसपास के शहरों मोहाली और पंचकुला को भारी और अंतरराज्यीय वाहनों के ट्रैफिक जाम से बचाने के लिए 12,000 करोड़ की लागत से 244 किलोमीटर लंबा रिंग रोड तैयार किया जा रहा है। पीएम मोदी जिन तीन परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे, वे इसी रिंग रोड नेटवर्क की अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण कड़ियां हैं।ग्रीनफील्ड कॉरिडोर का उद्घाटनपीएम मोदी आईटी सिटी-कुराली ग्रीनफील्ड कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। 1936 करोड़ की लागत से तैयार यह कॉरिडोर 31.23 किलोमीटर लंबा और सिक्स-लेन का है। यह वर्तमान में यातायात के लिए खुला है और मोहाली, खरड़ व कुराली के अत्यधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों को बाईपास करता है। इससे मोहाली के एयरपोर्ट रोड पर भारी वाहनों का दबाव बेहद कम हो गया है। अधिकारियों के मुताबिक, इस रूट पर यात्रा का समय लगभग 45 मिनट कम हो गया है, जिससे पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के बीच संपर्क मजबूत हुआ है।पंचकुला बाईपास का शिलान्यासजीरकपुर-पंचकुला बाईपास के शिलान्यास का कार्यक्रम है। 1,878 करोड़ की लागत वाले इस 19.2 किलोमीटर लंबे सिक्स-लेन बाईपास के लिए लेटर ऑफ अवार्ड जारी किया जा चुका है। यह इस क्षेत्र के सबसे बड़े बॉटलनैक यानी जीरकपुर-पंचकुला कॉरिडोर को राहत देगा। इससे इस रूट पर यात्रा का समय 35 मिनट से घटकर मात्र 17 मिनट रह जाएगा। हिमाचल प्रदेश जाने वाले वाहनों को स्थानीय सड़कों पर नहीं आना पड़ेगा।PR-07 स्पर का भी शिलान्यास होगा। अंबाला-चंडीगढ़ ग्रीनफील्ड नेशनल हाईवे (NH-205A) से जुड़ने वाले इस 10.3 किलोमीटर लंबे स्पर के निर्माण पर 1,464 करोड़ खर्च होंगे। यह एक्सप्रेसवे से आने वाले लंबे रूट के ट्रैफिक को जीरकपुर, डेराबस्सी और पंचकुला के शहरी क्षेत्रों में घुसाए बिना सीधे बाईपास पर भेज देगा। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार, यह पूरे ट्राईसिटी को निर्बाध रूप से जोड़ने वाली आखिरी अहम कड़ी है।इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3 दिसंबर 2024 को चंडीगढ़ आए थे, जब उन्होंने देश के तीन नए आपराधिक कानूनों को केंद्र शासित प्रदेश में लागू किए जाने से जुड़े एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। अब करीब डेढ़ साल बाद वह ट्राईसिटी को विकास की एक नई ऊंचाई देने लौट रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)