भारत में रह रहीं शेख हसीना के साथ बांग्लादेश में क्या होगा, PM के करीबी ने बताया
भारत में रह रहीं बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना मुल्क वापसी की तैयारी कर रहीं हैं। उन्होंने दिसंबर में वापस लौटने का फैसला किया है। अब पीएम तारिक रहमान के सलाहकार ने बताया है कि हसीना को वतन वापसी पर पूरी सुरक्षा दी जाएगी। बीते साल हसीना को मौत की सजा सुनाई गई थी। वह ढाका छोड़ने के बाद से ही भारत में शरण लिए हुए हैं।पीएम के संचार सलाहकार जाहिद उर रहमान ने मंगलवार को बताया था कि हसीना को पूरी सुरक्षा दी जाएगी। साथ ही कहा था कि उनपर मुकदमा चलाया जाएगा और सभी कानूनी अधिकारों को सुनिश्चित किया जाएगा। यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब बांग्लादेश लगातार भारत से हसीना को प्रत्यर्पित करने की मांग कर रहा है। हाल ही में दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर खासा बवाल हुआ था।क्या है प्लानजाहिद ने कहा था, 'हसीना ने दिसंबर में वतन लौटने की बात कही है। अगर वह लौटती हैं, तो उन्हें पूरी सुरक्षा दी जाएगी। साथ ही उनके सभी कानूनी और संवैधानिक अधिकारों को सुनिश्चित किया जाएगा।' उन्होंने कहा, 'जो भी फैसला कोर्ट देगा, उसे सभी को स्वीकार करना होगा।'शाकिब अल हसन का क्या होगापूर्व सांसद और बांग्लादेश क्रिकेट टीम के कप्तान रहे शाकिब अल हसन से भी सरकार खफा नजर आ रही है। जाहिद ने कहा कि शाकिब भी बांग्लादेश लौट सकते हैं और पूरी सुरक्षा के बीच अपने ऊपर लगे आरोपों का सामना कर सकते हैं। उन्होंने कहा, 'हो सकता है कि वह अच्छे खिलाड़ी हों, लेकिन वह एक बिगड़े और बुरे इंसान हैं, जो हसीना के साथ खड़े हैं।'उन्होंने कहा, 'हम इस देश में दोबारा हसीना जैसा माफिया शासन नहीं देखना चाहते और न ही भविष्य में किसी फासीवादी या माफिया शासन को आने देंगे। यह एक लोकतांत्रिक देश है।'तारिक रहमान भारत आएंगे या नहीं?बांग्लादेश ने रविवार को कहा कि वह चाहता है कि भारत प्रधानमंत्री तारिक रहमान की नयी दिल्ली की प्रस्तावित यात्रा के लिए 'अनुकूल माहौल' बनाए। 'डेली स्टार' अखबार ने रविवार को बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता शाहिदुल करीम के हवाले से कहा, 'हमने इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। हमारा मानना है कि इस यात्रा के लिए उचित माहौल बनाने की जरूरत है।' समाचार पोर्टल 'बीडीन्यूज24' के अनुसार, 'उचित माहौल' से करीम का इशारा हसीना के प्रत्यर्पण की बांग्लादेश की मांग वाले मुद्दे की ओर था। पांच अगस्त को नई दिल्ली में हसीना के प्रेस को ऑनलाइन संबोधित करने के बाद भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में तनाव आ गया था। बांग्लादेश ने हसीना की मीडिया से बातचीत पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि इस कार्यक्रम से बांग्लादेश के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और इससे भारत के साथ द्विपक्षीय संबंध बेहतर करने की कोशिशों पर बुरा असर पड़ सकता है। हालांकि, भारत के विदेश मंत्रालय ने सात अगस्त को कहा था कि हसीना से जुड़े उस मीडिया कार्यक्रम में नई दिल्ली की कोई भूमिका नहीं थी। साथ ही वह उस मंच पर बांग्लादेश सरकार के बारे में कही गई किसी भी बात का समर्थन नहीं करता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)