पत्नी मायके गई थी, इधर पति ने कर ली आत्महत्या; पटना में दो अलग-अलग घटनाओं से सनसनी

Jul 15, 2026 - 05:37
0 0

पटना सिटी के आलमगंज और दीदारगंज थाना क्षेत्रों में दो युवकों ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और आत्महत्य ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, पटना सिटी। पटना सिटी के आलमगंज और दीदारगंज थाना क्षेत्रों में बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।

दोनों मामलों में आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (NMCH) भेज दिया है।

घटनास्थलों की जांच एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने भी की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

आलमगंज थाना क्षेत्र के बाग भूप सिंह लेन मोहल्ले में किराये के मकान में रहने वाले देवेंद्र साव के 35 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार ने कमरे में पंखे के हुक से दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

आलमगंज के अपर थानाध्यक्ष गुंजन कुमार ने बताया कि सूरज एक प्रिंटिंग प्रेस में छपाई का काम करता था। घटना के समय वह घर में अकेला था, जबकि उसकी पत्नी मायके गई हुई थी।

पड़ोसियों ने कमरे से दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर शव बरामद किया। शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक ने करीब दो दिन पहले आत्महत्या की होगी।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच भेज दिया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

दूसरी घटना दीदारगंज थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव की है। यहां महेंद्र राय के 36 वर्षीय पुत्र अमित यादव ने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच भेज दिया गया है, जबकि एफएसएल की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है।

प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि पारिवारिक विवाद के कारण युवक ने यह कदम उठाया होगा। हालांकि, सभी बिंदुओं पर जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User