मुरैना में स्कूल गेट से तीन साल के मासूम का 'किडनैप', CCTV से खुला राज; पिता ही निकला मास्टरमाइंड

Jul 15, 2026 - 05:37
0 2

मुरैना में रेनबो पब्लिक स्कूल से तीन वर्षीय मासूम कार्तिक के अपहरण का खुलासा हुआ है, जिसमें उसका पिता नीलेश ही मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने एक आरोपी को ...और पढ़ें

बच्चे के माता-पिता एक साल से अलग रहते हैं, बच्चा नाना-नानी के साथ।

डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। मुरैना में एसपी बंगले के सामने एक गली में स्थित रेनबो पब्लिक स्कूल से मंगलवार दोपहर तीन वर्षीय मासूम के अपहरण की घटना ने सनसनी फैला दी। शुरुआत में दो स्कूटी सवार युवकों द्वारा बच्चे को उठाकर ले जाने की बात सामने आई, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड बच्चे का पिता ही था। पुलिस ने मामले में एक आरोपित को धौलपुर से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पिता और मासूम की तलाश देर रात तक जारी रही।

पुलिस के अनुसार, तीन वर्षीय कार्तिक अपने नाना-नानी के साथ गायत्री कॉलोनी स्थित पटवारी गली में रहता है और पास के रेनबो पब्लिक स्कूल में प्लेग्रुप का छात्र है। कार्तिक की मां ईशू और पिता नीलेश में विवाद चल रहा है, इसलिए दोनों एक साल से अलग-अलग रह रहे हैं। पिता नीलेश मुंबई में रहते हैं, जबकि मां ईशू यादव उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं।

मंगलवार दोपहर करीब 12:40 बजे स्कूल की छुट्टी हुई। रोज की तरह बच्चे को लेने उसकी नानी ममता यादव स्कूल पहुंचीं। उन्हें स्कूल पहुंचने में पांच-सात मिनट की देर हो गई। तब तक कार्तिक वहां से गायब हो चुका था। स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में सामने आया कि एक युवक छुट्टी से करीब 20 मिनट पहले से स्कूल के बाहर मौजूद था। छुट्टी होते ही उसने बच्चे को नाम लेकर बुलाया और गोद में उठाकर एमएस रोड की ओर भाग गया, जहां पहले से स्कूटी पर एक नकाबपोश उसका इंतजार कर रहा था। दोनों बच्चे को बीच में बैठाकर फरार हो गए।

जांच में सामने आया कि जिस स्कूटी का इस्तेमाल किया गया, उस पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी। हालांकि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की लोकेशन धौलपुर की ओर ट्रेस की। कोतवाली थाना प्रभारी अमित सिंह भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को धौलपुर से पकड़ लिया। दूसरे आरोपित और बच्चे के पिता की तलाश जारी है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि यह पहली बार नहीं है जब नीलेश ने अपने बेटे को साथ ले जाने की कोशिश की हो। वर्ष 2025 में भी वह कार्तिक को लेकर मुंबई चला गया था, जहां से तीन दिन बाद पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद किया था। मां ईशू का आरोप है कि करीब डेढ़ महीने पहले भी नीलेश ने फोन पर बेटे को उठा ले जाने की धमकी दी थी।

यह भी पढ़ें- बच्चे की आंख से दिमाग तक धंसा 5 फीट लंबा त्रिशूलनुमा बाण, ग्वालियर के डॉक्टरों ने 5 घंटे जटिल सर्जरी कर बचाई जान

शुरुआत में बच्चे की मां और नानी दोनों ही सीसीटीवी में दिखाई दे रहे युवक की पहचान से इनकार करती रहीं। हालांकि पुलिस की गहन पूछताछ के बाद मां ने बताया कि स्कूल से बच्चे को ले जाने वाला व्यक्ति उसके पति नीलेश का करीबी दोस्त है। इसके बाद जांच की दिशा पूरी तरह बदल गई और पुलिस पिता की भूमिका पर केंद्रित हो गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User